गुरुग्राम, 15 मई।
लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार के पशु विज्ञान केंद्र, गुरुग्राम द्वारा मुर्गी पालन पर 7 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 19 मई से 25 मई तक किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग परिसर, गुरुग्राम (बेरी वाला बाग), लघु सचिवालय के निकट आयोजित होगा।
प्रभारी डॉ. कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 18 मई 2026 तक पशु विज्ञान केंद्र, गुरुग्राम में पंजीकरण करवाकर प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। पंजीकरण “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मुर्गियों के आवास प्रबंधन, संतुलित आहार, विभिन्न बीमारियों एवं परजीवियों की रोकथाम, टीकाकरण तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं स्कीमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं, किसानों एवं पशुपालकों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और वैज्ञानिक तरीके से मुर्गी पालन की जानकारी उपलब्ध कराना है।
डॉ. यादव ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पशु विज्ञान केंद्र, गुरुग्राम द्वारा समय-समय पर पशुपालन, भेड़-बकरी पालन, शूकर पालन एवं अन्य पशुधन आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 0124-2304101 अथवा मोबाइल नंबर 9896113720 पर संपर्क कर सकते हैं।







