Haryana News: हरियाणा में 1.20 लाख कच्चे कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, कच्चे कर्मचारियों के लिए जल्द ही जॉब सिक्योरिटी मिलने वाली है। इसके लिए आवेदन के लिए पोर्टल तैयार हो गया है। हालांकि, इस पोर्टल का सरकार पहले ट्रॉयल लेगी, इसलिए पहले 2 विभागों में इसको शुरू किया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक, पोर्टल के ट्रायल सफल होने के बाद इसे सभी विभागों, बोर्डों, निगमों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों को ऑनलाइन अप्लाई करना होगा। अभी सरकार ने यह खुलासा नहीं किया है कि पहले किन विभागों में ट्रायल होगा। यह पोर्टल अगले हफ्ते शुरू होगा। खबरों की मानें, तो मानव संसाधन विभाग ने इसे बनाया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद अपने मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर से 5 दिन पहले मीटिंग कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने पोर्टल जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे।
बता दें कि प्रदेश की खट्टर सरकार के समय से ही सरकारी विभागों में अस्थाई कर्मचारियों की भर्ती हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से की जा रही है। पिछले दिनों सरकार ने एचकेआरएन के तहत सर्विस के 5 साल पूरे कर चुके कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने की बात कही थी।
विधानसभा में विधेयक लेकर आई, फिर भी लागू नहीं हुआ
दरअसल, प्रदेश सरकार रिपीट होने के बावजूद अधिकारियों ने फिर एकाध विभाग को छोड़कर किसी ने भी अस्थायी कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी नहीं दी। 6 महीने का कार्यकाल पूरा होने से पहले हरियाणा सरकार ने विधानसभा में विधेयक पारित कर दिया और अध्यादेश को विधेयक के रूप में पारित करा दिया। राज्यपाल की मंजूरी के बाद स्थायी कानून अधिसूचित कर दिया, लेकिन हरियाणा सरकार के अफसरों ने इसे फिर लागू नहीं किया।
लोकसभा चुनाव हार के बाद जॉब सिक्योरिटी का हुआ था ऐलान
2024 के लोकसभा चुनाव में सत्ताधारी दल BJP को हरियाणा में आधी यानी 10 में से 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। हार की समीक्षा में ये इनपुट आया कि कर्मचारी जॉब सिक्योरिटी को लेकर काफी नाराज चल रहे हैं। उसके बाद CM नायब सिंह सैनी ने विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा सरकार के विभागों, बोर्डों, निगमों में कार्यरत 1.20 लाख अस्थायी कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने की घोषणा की थी।









