Delhi Dehradun Expressway: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से दो शहरों के बीच का सफर आसान हो जाएगा। वाहन चालक करीब 120 मिनट में दिल्ली से देहरादून पहुंच सकेंगे। खबरों की मानें, तो इस एक्सप्रेसवे को दिसंबर तक शुरू करने की तैयारी चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, इस एक्सप्रेसवे का दिल्ली से सहारनपुर तक ज्यादातर निर्माण काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का 210 किलोमीटर का सफर केवल दो घंटे में पूरा हो जाया करेगा। इस मार्ग पर वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की जाएगी। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिल सकेगी। अभी वाहन चालकों को दिल्ली से देहरादून जाने के लिए मेरठ एक्सप्रेसवे और फिर दिल्ली-मेरठ मार्ग से होते हुए मुजफ्फरनगर होकर देहरादून पहुंचना पड़ता है। जहां कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। इसके चलते लोगों को 6 से 7 घंटे का समय लग जाता है।
एक घर की वजह से अटका सर्विस लेन का काम
वहीं दूसरी ओर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (Delhi-Dehradun Expressway) की सर्विस लेन का निर्माण अब भी अटका हुआ है। इसके पीछे लोनी के मंडोला क्षेत्र में स्थित एक घर से जुड़ा कानूनी विवाद है। इस विवाद के चलते करीब 50 मीटर लंबी सर्विस लेन का काम रुक हुआ है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट से इस घर का विवाद सुलझने के बाद सर्विस लेन का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य कई खंडों में विभाजित है। इसमें दो खंड करीब 32 किलोमीटर लंबे हैं। जबकि, दिल्ली के अंदर आने वाला 17 किलोमीटर का हिस्सा है और एलिवेटेड बनाया गया और 15 किलोमीटर का क्षेत्र गाजियाबाद और बागपत जिलों की सीमा में आता है। जिसके चलते इसे बागपत के मवीकला गांव के पास एक्सप्रेसवे को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से कनेक्ट गया है।









