Gurugram Metro: गुरुग्राम में मेट्रो का विस्तार दो चरणों में होगा। पहले फेज के लिए काम शुरू हो गया है। जबकि, दूसरे फेज को लेकर तैयारी की जा रही है। इसी बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
दरअसल, गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) को क्षेत्र की घनी आबादी और संकरी सड़क को देखते हुए सेक्टर 9 से साइबर सिटी तक गुरुग्राम अंडरग्राउंड मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण की संभावना पर विचार करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
खबरों की मानें, तो गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर सिंह ने केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय को पत्र लिखकर कॉरिडोर बनाने का आग्रह किया है। वहीं GMRL के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मेट्रो अधिकारियों को दूसरे चरण में अंडरग्राउंड मेट्रो की संभावना का अध्ययन करने के लिए कहा गया है, जिसके बाद दूसरे चरण के लिए टेंडर को अंतिम रूप दिया जाएगा। हालांकि अंडरग्राउंड मेट्रो की लागत में काफ़ी वृद्धि होगी, हम मार्ग के लिए सभी विकल्पों को देख रहे हैं।
मेट्रो फेस 2 में बनाए जाएंगे 14 मेट्रो स्टेशन
बता दें कि 16 किलोमीटर के कॉरिडोर में 14 स्टेशन होंगे और शहर के प्रमुख आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों को जोड़ेंगे। मौजूदा योजना के अनुसार, सभी स्टेशनों को ऊंचा किया जाना है और लाइन नेकी राम मार्ग के केंद्रीय किनारे से होकर सेक्टर 4, 5 और पालम विहार की ओर जाएगी।
बताया जा रहा है कि 17 सितंबर के पत्र में लिखा था कि दूसरे चरण के लिए टेंडर अभी तैयार की जा रही है। हम अनुरोध करना चाहेंगे कि संकरी गलियों, घनी आबादी और यातायात की भीड़भाड़ को देखते हुए मेट्रो लाइन के दूसरे हिस्से (सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक) को अंडरग्राउंड लाइन में बदलने पर विचार किया जाए। इसमें आगे कहा गया है कि ये बदलाव मेट्रो नेटवर्क की दीर्घकालिक प्रभावशीलता को बनाए रखने, सुरक्षा बढ़ाने और पेड़ों की कटाई को कम करने में योगदान देंगे।
15 दिसंबर तक बनाया जाएगा पहला पिलर
परियोजना के पहले चरण के बारे में GMRL के एक अधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य 15 नवंबर से गति पकड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि परियोजना का पहला पाइल 15 नवंबर से डाला जाएगा और पहला पिलर 15 दिसंबर तक बनाया जाएगा। श्रमिकों के लिए क्वार्टर पहले ही बनाए जा चुके हैं।









