Gurugram Metro: हरियाणा में ओल्ड गुड़गांव मेट्रो के निर्माण की अड़चनों को दूर करने के लिए गुरुवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में मीटिंग हुई है।
जानकारी के मुताबिक, इस मीटिंग में दिल्ली से धारूहेड़ा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन का स्टेशन साइबर सिटी शंकर चौक पर बनाए जाने को लेकर चर्चा की गई है। खबरों की मानें, तो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने स्टेशन के नए डिजाइन को मुख्य सचिव के समक्ष रखा है। जिस पर उन्होंने बदलाव करने के लिए कहा गया है ।
जगह में बदलाव को लेकर तैयार नहीं
हालांकि, NCRTC जगह में बदलाव को लेकर तैयार नहीं है। बताया गया कि शंकर चौक पर स्टेशन बनने से दिक्कत नहीं होगी और इस स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट दूर बनाए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में GMRL की ओर से बताया गया कि नमो भारत ट्रेन के साइबर सिटी स्टेशन की जगह का निर्धारण नहीं होने के चलते ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के साइबर सिटी स्टेशन के निर्माण की जगह को फाइनल रूप देने में दिक्कत आ रही है।
नए डिजाइन को एचएसआईआईडीसी को सौंपा गया
खबरों की मानें, तो एनसीआरटीसी की ओर से बताया गया कि नमो भारत ट्रेन का साइबर सिटी स्टेशन के नए डिजाइन को एचएसआईआईडीसी को सौंप दिया गया है। स्टेशन पर आने और जाने के जो गेट बनाए जाना प्रस्तावित है वह साइबर सिटी, साइबर हब और एचआईएल जमीन के साथ होंगे। ऐसा होने से ट्रैफिक जाम नहीं लगेगा। वहीं एचएसआईआईडीसी की ओर से नमो भारत के स्टेशन की वजह से ट्रैफिक जाम लगने की बात रखी है। इसके अलावा मुख्य सचिव ने नमो भारत ट्रेन के साइबर सिटी स्टेशन के नए डिजाइन का अध्ययन करने के निर्देश दिए।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, बिजली निगम, एनसीआरटीसी, जीएमआरएल, एचएसआई आईडीसी, गुड़गांव नगर निगम विभाग के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।









