Gurugram News: हरियाणा की साइबर सिटी के लोगों के अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, गुरुग्राम के जेड चौक पर अंडरपास बनाने की मंजूरी मिल गई है। इसके बनने से यहां जाम नहीं लगेगा और लोग आसानी से अंडरपास से निकल सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने सोमवार को मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास जेड चौक पर इफ्को चौक से आरडी सिटी की और अंडरपास निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके निर्माण पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बनने से इस चौराहे पर जाम की समस्या नहीं रहेगी।
खबरों की मानें, तो मुख्यमंत्री पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में GMDA की 15वीं बैठक ले रहे थे। उन्होंने सेक्टर-102ए में निर्माणाधीन श्री शीतला माता मेडिकल कॉलेज की समीक्षा भी की। करीब 550 करोड़ की लागत से बन रहे इस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का निर्माण 78 प्रतिशत पूरा हो चुका है। सीएम ने आदेश जारी किए कि इस मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड पर चलाने की संभावनाओं को तलाशा जाए। इसको लेकर उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाए। वहीं शहर में तैयार होने वाले नागरिक अस्पताल के निर्माण में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत और उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह के सुझावों को प्राथमिकता दी जाए।
सीएम ने जताई नाराजगी
सैनी ने आदेश जारी करते हुए कहा कि मुख्य सड़कों पर गुरुग्राम नगर निगम की तरफ से डाली गई 600एमएम की सीवर लाइन की देखरेख अब GMDA करेगा। वहीं मुख्यमंत्री ने विकास की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास की धीमी गति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बारिश पानी की निकासी के लिए बनेगी DPR
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से पलवल तक बारिश के पानी की निकासी की DPR भी बनाने के आदेश भी दिए है। उन्होंने कहा कि नया बरसाती नाला बनने से नजफगढ़ नाले पर दबाव कम होगा। इससे गुरुग्राम और दिल्ली में जलभराव की स्थिति पैदा नहीं होगी। इसके निर्माण पर करीब दो हजार करोड़ की लागत आएगी।









