Haryana: हरियाणा के रोहतक में एक भाई ने अपनी बहन की 5 गोलियां मारकर हत्या कर दी है। वहीं आरोपी ने बहन के देवर पर भी फायरिंग की। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पीजीआई में इलाज चल रहा है। जिस समय आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। उस वक्त उसका पति घर पर नहीं था।
दरअसल, यह घटना काहनी गांव की है। मृतक महिला की पहचान सपना (23) के रूप में हुई है। उसने 3 साल पहले गांव के ही एक युवक से लव मैरिज की थी। उसके परिवार को इस शादी से एतराज था और वह इस बात को लेकर नाराज़ चल रहे थे। खबरों की मानें, ये अभी यही सामने आया है कि इसीलिए ही हत्या की गई है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें 4 युवक घर की तरफ जाते और बाद में भागते हुए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा एक युवक के हाथ में पिस्तौल भी दिख रही है।
फिलहाल, सदर थाना पुलिस ने महिला का शव कब्जे में ले लिया है। महिला के पति ने अपने साले और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या बोले परिजन
खबरों की मानें, तो काहनी गांव की रहने वाली निर्मला ने बताया कि उनके बड़े बेटे सूरज ने 3 साल पहले गांव की ही रहने वाली सपना (23) से लव मैरिज की थी। सूरज ऑटो चलाता है। शादी के बाद दोनों का 2 साल का बेटा है। सपना के परिवार के लोग दोनों की शादी से खुश नहीं थे। इसलिए शुरू में दोनों रोहतक में किराए के घर में रहे और 2 साल पहले सूरज और सपना गांव में आकर रहने लग गए। इस बात से सपना का पूरा परिवार बेइज्जती महसूस कर रहा था।









