Haryana: हरियाणा राज्य फार्मेसी परिषद (HSPC) ने रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुगम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिन आवेदकों की ओर से रजिस्ट्रेशन के लिए अभी तक अपने डॉक्यूमेंट्स परिषद में जमा नहीं किए गए हैं, उनको यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त मौका देने का निर्णय लिया है।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा राज्य फार्मेसी परिषद की रजिस्ट्रार अंकिता अधिकारी ने बताया कि जिन उम्मीदवारों ने फार्मेसी में रजिस्ट्रेशन के लिए पहले अपने डॉक्यूमेंट जमा नहीं किए थे, उन्हें अब परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध ताज़ा दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। आवेदकों को अपने लंबित डॉक्यूमेंट्स के साथ देरी का कारण बताते हुए एक लिखित प्रस्तुतीकरण भी जमा करना होगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि विशेषकर हरियाणा के बाहर स्थित संस्थानों द्वारा जारी किए गए फार्मेसी के प्रमाण–पत्रों का उनके संबंधित विश्वविद्यालयों, बोर्डों या फार्मेसी कॉन्सिल ऑफ इंडिया (PCI) अथवा मान्यता प्राप्त संस्थानों से सत्यापन करवाना अनिवार्य है। इसके अलावा, आवेदकों को यह शपथ–पत्र भी देना होगा कि वे किसी अन्य प्रदेश की फार्मेसी परिषद में रजिस्टर्ड नहीं हैं।
अंकिता अधिकारी ने कहा कि वास्तविक प्रक्रिया संबंधी या सत्यापन से जुड़े कारणों के चलते किसी भी पात्र उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन से वंचित नहीं किया जाएगा। उन्होंने परिषद की ओर से पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुगम सेवा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा राज्य फार्मेसी परिषद (HSPC) में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से संबंधित ज्यादा जानकारी या सहायता के लिए आवेदक कार्य-समय के दौरान परिषद के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध आधिकारिक संचार माध्यमों का उपयोग भी कर सकते हैं।









