Haryana: हरियाणा के यमुना नगर की फ्रेंड्स कालोनी निवासी नोनी राणा (24) उर्फ सूर्य प्रताप राणा को अमेरिका गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी 30 से ज्यादा मामलों में वांछित है। जल्द ही उसे भारत लाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि नोनी राणा विशांत के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर कनाडा भागने की फिराक में था। उसे पीस ब्रिज बार्डर पर अमेरिका की एजेंसियों ने पकड़ा। सीआइए टू प्रभारी राकेश ने इसकी पुष्टि की है। अब नोनी राणा का प्रत्यार्पण करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इन बड़े मामलों में है वांछित
आरोपी राणा रादौर में खेड़ी लक्खा सिंह पुलिस के चौकी के पास तिहरा हत्याकांड, रंगदारी और हत्या के प्रयास सहित 30 केसों में वह वांछित है।
वह विदेश में बैठकर यमुनानगर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी वसूल रहा था। नोनी उर्फ सूर्य प्रताप राणा बदमाश काला राणा का छोटा भाई है।
नोनी राणा के विदेश पहुंचने के बाद कारोबारियों को लगातार रंगदारी के लिए काल आने लगे। रंगदारी न देने वाले कारोबारियों के प्रतिष्ठानों व आवासों के बाहर उसने अपने शूटरों से फायरिंग कराई। इसमें उसका साथ विदेश में बैठे सन्नी सलेमपुर, मोनू गुर्जर व गंदापुरा निवासी बादलहीर दे रहे हैं। यहां जेल में बंद उसके भाई काला राणा ने भी अपने संपर्कों से शूटर मुहैया कराए। 26 दिसंबर 2024 में रादौर में खेड़ी लक्खा सिंह पुलिस चौकी के पास तिहरा हत्याकांड हुआ।
जनवरी 2024 में हुआ था फरार
खबरों की मानें, तो नोनी ने फरवरी 2019 में पूर्व विधायक के भतीजे दिलराज पर साथियों के साथ फायरिंग की थी। इस केस में नोनी राणा को गिरफ्तार किया और 2023 में जमानत मिल गई थी। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने करनाल के मुहल्ला नौगजा पीर वाली गली निवासी गुरमीत के नाम से 15 जनवरी 2024 को फर्जी पासपोर्ट वनवाया और विदेश फरार हो गया। अंबाला के एएसआइ राजन की शिकायत पर 23 जुलाई 2024 को फर्जीवाड़ा व पासपोर्ट एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ।









