Haryana News: हरियाणा के रोहतक जिले से अच्छी खबर सामने आ रही है। दरअसल, जिले में जल्द टूटी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। इसके तहत हिसार बाईपास समेत 40 सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए अभी पीडब्ल्यूडी विभाग एस्टिमेट बना रहा है।
जानकारी के मुताबिक, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिले की करीब 40 सड़कों का निर्माण कार्य वर्क प्रोग्राम 2025-26 के तहत कराया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा देना है, ताकि आने वाले समय में हादसों पर रोक लगाई जा सके। इस योजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों को भी शामिल किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि जिन सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है, उनमें सांपला से खरखौदा मार्ग, जींद बाइपास से हिसार बाइपास को जोड़ने वाला मार्ग, जींद बाइपास से कृष्णा डेयरी तक जाने वाला मार्ग और सुनारिया चौक से भिवानी की ओर जाने वाले मार्ग प्रमुख हैं। इन सड़कों की स्थिति लंबे समय से खराब है और स्थानीय लोगों ने कई बार मरम्मत की मांग भी उठाई थी। जिसके चलते इन्हें पहले बनाने का फैसला लिया गया है।
इन सड़कों के निर्माण को मिल सकती है हरी झंडी
1- सुनारिया चौक से सुनारिया जेल की तरफ जाने वाला मार्ग।
2-दिल्ली बाइपास से मस्तनाथ विवि के पास से होते हुए आईएमटी चौक को जाने वाला मार्ग।
3-गोहाना अड्डा से सुखपुरा चौक की तरफ जाने वाला मार्ग।
4-सुखपुरा चौक से शीला बाइपास चौक की तरफ जाने वाला मार्ग। इसके साथ ही शहर और देहात क्षेत्र के अन्य मार्ग ऐसे हैं, जिनको निर्माण वर्क प्रोग्राम 2025-26 में शामिल किया जाएगा।
17 करोड़ रुपए से बनेगी 18 KM लंबी सड़क
खबरों की मानें, तो एमडीयू के गेट नंबर 02 से देव कॉलोनी चौक, पावर हाउस चौक, मेडिकल मोड़, अशोका चौक, सोनीपत स्टैंड, शांतमई चौक, भिवानी स्टैंड होते हुए वाल्मीकि चौक होते हुए हिसार बाइपास स्थित बहु मंदिर तक सड़क का निर्माण दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होगा। इस सड़क की लंबाई 18 किलोमीटर है। निर्माण कार्य पर 17 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। एक्सईएन अरुण कुमार ने बताया कि सड़क के निर्माण के लिए दो साल पहले टेंडर लगाया गया था। लेकिन ठेकेदार द्वारा कोर्ट में केस डालने के कारण निर्माण कार्य रुक गया था। अब केस फाइनल हो चुका है।
क्या बोले अधिकारी
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अरुण कुमार ने बताया कि जिन सड़कों का निर्माण कराया जाना है उनकी सूची तैयार कराई जा रही है। सूची अगले हफ्ते फाइनल हो जाएगी। इसके बाद सरकार को भेजी जाएगी, ताकि वर्क प्रोग्राम 2025-26 के तहत सरकार से सड़कों के निर्माण को बजट मिले और सड़कों का निर्माण कराया जा सके।









