Haryana News: हरियाणा के रोहतक में एक एयर होस्टेस दुल्हन की विदाई हेलिकॉप्टर में ही हुई है। बताया जा रहा है कि दूल्हा अपनी पत्नी को लेकर हेलिकॉप्टर से अपने घर पहुंचा। इसे गुरुग्राम से करीब 5 लाख रुपए में बुक किया गया। इस विदाई की पूरे गाँव में चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, इस हेलिकॉप्टर में दूल्हे-दुल्हन के साथ परिवार के 6 लोग भी आए। दूल्हे नवीन का कहना है कि परिवार के खुशी के लिए अपनी दुल्हन को ससुराल हेलिकॉप्टर में लेकर आए हैं। नवीन का परिवार गांव में ही खेती-बाड़ी करता है और वह शराब का कारोबार करते हैं।
सिर्फ 20 मिनट में बारात लेकर पहुँचे नवीन
खबरों की माने, तो सांघी में दूल्हा नवीन की शादी शनिवार को सीसर खास गांव की हैप्पी के साथ हुई है।परिवार का कहना है कि उनकी खुशी के लिए ही नवीन अपनी दुल्हन को हेलिकॉप्टर में लेकर आया है। दोनों गांव की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। इसके लिए उन्होंने करीब पाँच लाख रुपये खर्च किए।
एयर होस्टेस है दुल्हन
नवीन ने बताया कि उनकी पत्नी एयरहोस्टेस है। उनके हेलिकॉप्टर ने शाम करीब 4:50 बजे उड़ान भरी इसके 20 मिनट बाद हेलिकॉप्टर सांघी अनाज मंडी में लैंडिंग के लिए पहुंच गया। लैंडिंग स्थान पर पुलिस भी तैनात रही।
शराब का काम करते हैं नवीन
खबरों की मानें, तो दूल्हे नवीन के पिता अजीत सिंह का गांव सांघी में ही खेती-बाड़ी का काम है। वहीं नवीन की शराब के ठेकों में हिस्सेदारी है। इसके साथ ही वह फाइनेंस का भी काम करता है। गांव पहुंचते ही दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने वालों की घर पर भीड़ लग गई और अब इस शादी की दोनों गाँवों में चर्चा हो रही है।









