Haryana News: हरियाणा के रोहतक की बेटी और विश्व चैम्पियन क्रिकेटर शेफाली वर्मा बुधवार को सीएम नायब सिंह सैनी से मिली। मुख्यमंत्री ने संत कबीर कुटीर पर शेफाली वर्मा का स्वागत किया और उन्हें 1.50 करोड़ का कैश अवार्ड और ग्रेड ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट दिया।
दरअसल, सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें उन्होंने लिखा कि महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन से भारत को विश्व विजेता बनाने वाली टीम की सदस्य, हरियाणा की लाडली बिटिया शेफाली वर्मा से आज संत कबीर कुटीर पर भेंट की। उन्हें इस अद्भुत उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सीएम ने आगे लिखा कि हरियाणा सरकार की ओर से इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के सम्मानस्वरूप उन्हें ₹1.50 करोड़ की राशि और ग्रेड ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किए। यह सम्मान हरियाणा की खेल प्रतिभाओं को और अधिक ऊंचाईयां छूने के लिए प्रेरित करेगा।
सीएम ने कहा कि शेफाली ने अपनी मेहनत और समर्पण से न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की सभी बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है, आप निरंतर अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करती रहें, ऐसी मंगलकामना करता हूं। वहीं शेफाली ने भी सीएम सैनी का धन्यवाद दिया।









