Haryana News: हरियाणा के सोनीपत से बड़ी खबर आ रही है। यहां से हरिद्वार जा रहे 4 युवकों की कार शुक्रवार देर रात यूपी के शामली जिले में हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा पानीपत–खटीमा हाईवे पर हुआ है। इस भीषण सड़क हादसे में चारों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक उसे कंट्रोल नहीं कर सका। इसी के चलते स्विफ्ट कार एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी डीसीएम में जा घुसी और चार दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया है। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार से शवों को बाहर निकाला। सभी मृतक सोनीपत जिले के बरोदा गांव के बताए जा रहे हैं।
अपने तीन दोस्तों के साथ स्विफ्ट कार से निकला था साहिल
खबरों की मानें, तो गांव बरोदा का रहने वाला साहिल अपने तीन दोस्तों के साथ स्विफ्ट कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहा था। इसी दौरान शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे जब उनकी कार बुटराड़ा फ्लाईओवर पार कर रही थी। तभी रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी डीसीएम से जाकर टकरा गई। यह हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों युवकों के शवों को खींचकर बाहर निकाला।
क्या बोली पुलिस
खबरों की मानें, तो इस मामले में थाना प्रभारी राहुल सिसौदिया ने बताया कि कार के नंबर से युवकों के परिजनों की पहचान की गई और उन्हें हादसे की सूचना दी गई। वहीं पुलिस को कार के अंदर से शराब की बोतलें मिली हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय युवक नशे में हो सकते हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।









