Haryana News: हरियाणा के नारनौल से बड़ी खबर आ रही है। यहां स्कूल बस को रोककर बदमाशों ने ड्राइवर पर पिस्तौल तान दी। फिलहाल, प्रिंसिपल की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, एमएलएस डीएवी स्कूल की बस रूट नंबर 46 पर 20 नवंबर की सुबह नियमित रूप से बच्चों को छोड़ने जा रही थी, इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक सफेद बोलेरो में सवार युवकों ने बस को ओवरटेक किया और रास्ता रोक दिया। बताया जा रहा है कि बोलेरो में काले शीशे भी लगे हुए थे।
खबरों की मानें, तो बस चालक सुदेश और कंडक्टर रविदूत ने बताया कि आरोपियों ने बस के आगे आकर वाहन रोक लिया और पिस्तौल दिखाते हुए धमकी दी कि या तो यह मार्ग बंद कर दो, या फिर इस हिस्से पर स्कूल बस चलाना बंद कर दें। उस समय बस में कई छात्र बैठे हुए थे, जिससे बच्चे डर गए और बस में दहशत फैल गई। लेकिन, इस सबके बावजूद ड्राइवर ने बच्चों को घर छोड़ा और अब पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।









