Haryana News: हरियाणा के रोहतक से बड़ी खबर आ रही है। यहां रोडवेज कर्मचारियों ने मंडल स्तर पर भूख हड़ताल करने का फैसला लिया है। उनका आरोप है कि 10 साल से बोनस और दो साल का रात्रि भत्ता बकाया है।
जानकारी के मुताबिक, कर्मचारियों का वॉशिंग अलाउंस बंद कर दिया और ओवरटाइम कम कर दिया गया। प्राइवेट मालिकों की किलोमीटर स्कीम की 700 बसों को कोरोना के समय से पैसे दिए जा रहे हैं। जिसके चलते शनिवार को सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने राज्य कार्यकारिणी की बैठक की।
15 नवंबर से 15 दिसंबर तक करेंगे भूख हड़ताल
खबरों की मानें, तो प्रधान ने बताया कि 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक मंडल स्तर पर एक-एक दिन की भूख हड़ताल कर सरकार को चेतावनी देंगे। इसके लिए 27 व 28 दिसंबर को पूरे राज्य के कार्यकर्ताओं को स्कूलिंग करते हुए बैठक करेंगे।
वहीं महासचिव ने कहा कि कोरोनाकाल में कर्मचारियों ने यूपी और बिहार जैसे दूर- दराज इलाकों में भी मजदूरों को अपने गंतव्य तक पहुंचाया था। उन्हें उस समय का कोई ओवरटाइम नहीं मिला। उन्होंने कहा कि दो साल का बोनस देने की बातचीत हुई थी लेकिन एक भी पैसा कर्मचारियों को नहीं दिया गया। कर्मचारी लंबे समय से रोडवेज में 10,000 सरकारी बसें शामिल करने की मांग कर रहे हैं।
परिवहन मंत्री कैंप कार्यालय पर सौंपा जाएगा ज्ञापन
उन्होंने कहा कि 22 फरवरी को अंबाला में परिवहन मंत्री कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में यूनियन सदस्य शिव कुमार श्योराण, रमेश शयोकंद, कृष्ण समेत अन्य लोग मौजूद रहे।









