Haryana: हरियाणा के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। प्रदेश के गुरुग्राम और हिसार में ऑर्गेनिक फसलों की मंडियां खुलेंगी। इससे राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिल सकेगा।
दरअसल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार गंभीरता के साथ काम कर रही है। ऑर्गेनिक अनाज पैदा होंगे तो इससे सेहत अच्छी रहेगी।
किसानों को ऑर्गेनिक फसल बेचने में कोई परेशानी न हो इसके लिए सरकार गुरुग्राम और हिसार में दो मंडियां खोलेंगी। यहां पर किसान अपनी ऑर्गेनिक फसलें बेच सकेंगे। इससे किसानों की आय में पहले की अपेक्षा काफी बढ़ोतरी होगी।
बता दें कि कृषि मंत्री सोमवार को महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय का दौरा करने पहुंचे थे। कृषि मंत्री ने कहा कि किसान ज्यादातर गेहूं ओर धान की खेती करते हैं जिनमें खाद, दवाइयों का ज्यादा प्रयोग होता है। उसी से गंभीर बीमारियां पनपती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार चाहती है कि किसान मोटे अनाजों की खेती करें जिससे सेहत ठीक रहेगी और किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी। सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को भारी अनुदान दे रही है जिससे किसान प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ें। कृषि मंत्री ने कहा कि ऑर्गेनिक फसलों के लिए मंडियों की व्यवस्था की जा रही है।









