Haryana : हरियाणा में सरकारी कर्मचारियों के लिए एक खुशी की खबर आई है। प्रदेश में जिन कर्मचारियों को अपने कनिष्ठ (जूनियर) से कम वेतन मिल रहा है, उनके वेतन में बढ़ोतरी की जाएगी। हालांकि यदि कनिष्ठ कर्मचारी को व्यक्तिगत कारणों से अधिक वेतन प्राप्त हो रहा है तो वरिष्ठ कर्मचारी के वेतन में वृद्धि नहीं की जाएगी। वित्त विभाग के चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में दो अलग-अलग पत्र जारी कर यह जानकारी दी हैं।
प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ कर्मचारियों के वेतन तथा एश्योर्ड करियर प्रमोशन (एसीपी) को कनिष्ठ कर्मचारियों के समान स्टेपिंग-अप (वेतन में बढ़ोतरी) करने तथा वित्तीय शक्तियां री-डेलीगेट करने को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है।
वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि सीनियर कर्मचारी का वेतन जूनियर कर्मचारी के बराबर तभी स्टेपिंग- अप किया जा सकता है, जब सीनियर कर्मचारी एचसीएस (एसीपी) नियम-2016 के तहत एसीपी के पात्र हों।
इसके बावजूद विभागों द्वारा इन मामलों की जांच स्वयं करने की बजाय इन्हें वित्त विभाग को भेजा जा रहा है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे मामलों की जांच अपने स्तर पर करें और केवल उन्हीं मामलों का विवरण पूर्ण तथ्यों सहित वित्त विभाग को भेजें जो उपरोक्त आदेशों के दायरे में नहीं आते।








