Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश के मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे का काम लगभग पूरा हो गया है। इस एक्सप्रेसवे के तीसरे खंड में उन्नाव-हल्द्वानी सेक्शन में मात्र छह प्रतिशत कार्य बाकी रह गया है। बाकी मेरठ-बदायू समेत पूरे एक्सप्रेसवे को वाहनों के फर्राटे भरने के लिए तैयार कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मेरठ से प्रयागराज तक के 594 किमी लंबे एक्सप्रेसवे पर कुल 1498 बड़े स्ट्रक्चर बनाए हैं। इनमें से 1497 स्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है। वहीं मेरठ से बदायू तक के प्रथम सेक्टर में 129 KM की लंबाई में कुल बड़े 322 स्ट्रक्चर हैं। इनमें सिंभावली समेत सभी पर काम पूरा हो चुका है।
दिसंबर के पहले सप्ताह में होगा ट्रायल
यूपीडा के अधिकारियों का कहना है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में इसका ट्रायल पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद फाइनल टेस्ट करके 15 जनवरी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उदघाटन करेंगे। इस एक्सप्रेसवे पर पांच जगहों पर लडाकू विमान उतारने योग्य स्ट्रक्चर तैयार किया गया है। जिसका प्रयोग आपात स्थिति में किया जा सकेगा।
इन जिलों की चमकेगी किस्मत
दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश को आने वाले साल में गंगा एक्सप्रेसवे के रूप में प्रयागराज तक का नया एक्सप्रेसवे मिल जाएगा। इस 594 किलोमीटर के एक्सप्रेस वे का निर्माण नवंबर में ही पूरा हो जाएगा। इसका निर्माण पूरा होने के बाद मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज के औद्योगिक विकास को भी रफ्तार मिल सकेगी। एक्सप्रेसवे के दोनों ओर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाया जा रहा है।
खबरों की मानें, तो उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर से इस एक्सप्रेसवे के काम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस 36,230 करोड़ रुपये की प्रोजेक्ट के लिए 7453.13 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। अभी इसका विस्तार हरिद्वार तक किया जा रहा है।
इतनी होगी वाहनों की रफ्तार
खबरों की मानें, तो छह लेन में बनाए गए इस एक्सप्रेस वे पर वाहनों की सामान्य रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे के करीब होगी। एक्सप्रेसवे पर शाहजहांपुर के जलालाबाद में लड़ाकू विमानों के लिए 3.5 किलोमीटर हवाई पट्टी का भी निर्माण पूरा कर लिया गया है। वहीं ऐसे तीन और स्थान विकसित करने की तैयारी है।
क्या बोले अधिकारी
खबरों की मानें, तो एडीएम संदीप कुमार का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण का काम पूरा हो गया है। अब इसके ट्रायल की तैयारी की जा रही है। प्रयास है कि दिसंबर में इसका ट्रायल कराकर जनवरी में उदघाटन करा लिया जाएगा। दिसंबर में ही उदघाटन के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी जाएगी।












