Haryana : सिरसा के जमाल गांव में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का आयोजन आज किया गया जिसमें बतौर मुख्यातिथि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बैनीवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, सिरसा प्रभारी वेद फुला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, वरिष्ठï भाजपा नेता अमीर चंद मेहता, हनुमान कुंडु, जमाल के सरपंच प्रतिनिधि ओम प्रकाश डूडी, खेल संयोजक नंद लाल बेनीवाल, ढुकड़ा सरपंच राजेंद्र, कविता सिहाग सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।
इस मौके पर स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। वहीं मुख्यातिथि व अन्य गणमान्य ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यातिथि ने खिलाडिय़ों को खेल भावना की शपथ भी दिलवाई।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के पीछे एक उद्देश्य हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है कि खेलों के माध्यम से स्वयं को स्वस्थ रखें, क्योंकि एक स्वस्थ व्यक्ति ही देश की उन्नति में अपना अहम योगदान दे सकता है, इसलिए यदि हम स्वस्थ रहेंगे तो हमारा देश भी स्वस्थ रहेगा।
इस मौके पर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष जसविंद्र मीनू बैनीवाल ने कहा कि खेलो इंडिया व फिट इंडिया अभियान चलाने का उद्देश्य है कि देश के करोड़ों युवा नशे जैसी प्रवृत्ति से दूर रहकर कर्तव्यनिष्ठ और स्वस्थ नागरिक के रूप में राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान दें। इस मिशन में हम सभी को मिलकर अपने प्रधानमंत्री का सहयोग करना होगा।
उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव 2025 का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है। सिरसा लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा व ब्लॉक स्तर पर हो रहे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस से शुरू किए गए पंजीकरण में अब तक 45 हजार से अधिक खिलाड़ी जुड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा आज देश की खेल नर्सरी बन चुका है। एथलेटिक्स से लेकर कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट तक हर खेल में हरियाणा के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल युवा पीढ़ी को सही दिशा देते हैं। मैदान में मेहनत करने वाले खिलाड़ी केवल अपना ही नहीं बल्कि परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं।
सरकार द्वारा भी बिना पर्ची-बिना खर्ची के नौकरी के साथ-साथ खेलों में हरियाणा का नाम रोशन करने वालों को पूरा प्रोत्साहित कर रही है। इस मौके पर भारी संख्या में खिलाड़ी, विद्यार्थी व ग्रामीण मौजूद रहे।








