झज्जर, 10 जुलाई।*
जिला में आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जाए और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियामानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश डीसी वर्षा खांगवाल ने दिए। डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार जिला स्तरीय फूड सेफ्टी एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रही थी।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जिला में खाद्य सुरक्षा के मानकों को सख्ती से लागू किया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजेश वर्मा ने जिला में खाद्य सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर बाजारों, होटल-ढाबों, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाता है। इस दौरान खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उनकी जांच करवाई जाती है ताकि लोगों को मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके।
*खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी खाद्य व्यवसाय संचालक फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) के नियमों का पालन करें और आवश्यक लाइसेंस व पंजीकरण करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और जहां कहीं भी नियमों की अनदेखी पाई जाए वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा आम जनता को भी खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए ।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और खाद्य सुरक्षा को लेकर समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।
*इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक आदित्य कौशिक, डीआरओ मनवीर सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर, डीईओ रतिंद्र सिंह, एसएमएस देवेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






