भिवानी/बहल, 10 जुलाई। गुणवत्ता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), हरियाणा शाखा कार्यालय ने शुक्रवार को बहल में महिला उपभोक्ताओं को जागरूक किया।
बीआईएस हरियाणा शाखा कार्यालय द्वारा महिलाओं को गुणवत्ता, मानकीकरण एवं उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से शाइन पहल (मानक सशक्त महिलाओं को सूचित करने और उनका पोषण करने के बारे) के अंतर्गत सखी महिला संगठन एवं क्लस्टर स्तरीय फेडरेशन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 41 स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों एवं फेडरेशन प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय बीआईएस हरियाणा शाखा कार्यालय के रिसोर्स पर्सन डॉ.प्रदीप लौरा ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को भारतीय मानक ब्यूरो की उपभोक्ता हितैषी योजनाओं एवं भारतीय मानकों के महत्व की विस्तार से जानकारी देते हुए आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग, अनिवार्य पंजीकरण योजना तथा उपभोक्ता जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुणवत्ता प्रमाणित उत्पादों का उपयोग उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
कार्यक्रम के दौरान ऐप का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को बीआईएस प्रमाणित उत्पादों एवं स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग की सत्यता जांचने की प्रक्रिया समझाई गई। इस अवसर पर महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।
खंड बहल की कार्यक्रम प्रबंधक दीपिका तथा उपस्थित प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के प्रति विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बीआईएस हरियाणा शाखा कार्यालय ने बताया कि शाइन पहल के अंतर्गत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कार्यालय अपने अधिकार क्षेत्र के सभी 12 जिलों में महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को मानकीकरण, गुणवत्ता एवं उपभोक्ता जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से इस अभियान का विस्तार करेगा।
बीआईएस ने महिला उपभोक्ताओं को किया जागरूक





