भिवानी, 21 मई। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने वीसी के माध्यम से विकास एवं पंचायत तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए बताया कि जिला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की अनुपालन में सात दिवसीय सघन स्वच्छता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 21 से 27 मई तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान स्वच्छता के लिए ग्रामीण को घर-घर जाकर ठोस कचरा प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।
एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाए। प्रत्येक गांव में घर-घर से कचरा उठान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रतिदिन 100 किलोग्राम से अधिक कचरा उत्पन्न करने वाले संस्थानों एवं 5000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले परिसरों को अपने स्तर पर कचरा निस्तारण करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान दो की जगह चार डस्टबिन प्रणाली लागू की जाएगी और गीला, सूखा, सैनिटरी एवं विशेष देखभाल वाली वस्तुओं के लिए प्रयोग में लाया जाए।
वहीं दूसरी ओर जिला परिषद के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र दलाल, डीडीपीओ सोमबीर कादियान, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश नहरा वीसी के माध्यम से जुड़े। श्री नहरा ने स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दलाल ने बताया कि 21 से 27 मई तक आयोजित होने वाले विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना तथा स्वच्छता को व्यवहार में परिवर्तित करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण, घर-घर जाकर कचरा संग्रहण, कचरा जमा होने वाले हॉटस्पॉट की पहचान एवं उपचार तथा बड़े पैमाने पर कचरा उत्पन्न करने वाले संस्थानों की पहचान जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 मई 2026 तक सभी बल्क वेस्ट जनरेटर का डाटा एकत्रित करें।
बॉक्स
– अभियान के दौरान इस प्रकार आयोजित होंगी अनेक गतिविधियां
21 मई से जन-जागरूकता के साथ शुभारंभ, 22 को घर-घर संपर्क एवं जागरूकता अभियान, 23 को बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान एवं वेस्ट मैपिंग, 24 को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण एवं क्षमता निर्माण, 25 को घर-घर कचरा संग्रहण एवं प्रवर्तन, 26 को स्वच्छता अभियान एवं आधारभूत ढांचा योजना व 27 मई को सामुदायिक सहभागिता एवं अनुपालन संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र में घर-घर जाकर दी जाएगी ठोस कचरा प्रबंधन की जानकारी: एडीसी





