गुरुग्राम, 21 जून।
12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार प्रातः जिला गुरुग्राम में “स्वस्थ आयु के लिए योग” तथा “योगयुक्त, नशामुक्त हरियाणा” थीम के साथ गरिमामय ढंग से मनाया गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर डीसी उत्तम सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित योग दिवस समारोह से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं योग प्रदर्शन का सीधा प्रसारण देखा। साथ ही पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भी लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए।
लाइव प्रसारण के उपरांत योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हजारों प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि योग केवल भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों की अमूल्य देन ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाने वाला विज्ञान है। उन्होंने कहा कि आज योग दिवस केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व के विभिन्न देशों में करोड़ों लोग योग को अपनाकर इसके महत्व को समझ रहे हैं। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक ज्ञान की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव रखता है और स्वस्थ समाज ही एक मजबूत तथा विकसित राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
श्री गौरव गौतम ने कहा कि बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के “योगयुक्त हरियाणा, नशामुक्त हरियाणा” के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक नारा नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर और योग से जोड़कर ही एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान भी स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल और संरक्षण भी परिवार के सदस्य की तरह करना आवश्यक है। पर्यावरण संरक्षण, योग और नशामुक्ति जैसे अभियान एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और इनका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को बेहतर जीवन, स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ समाज प्रदान करना है। उन्होंने सभी लोगों से योग दिवस के अवसर पर योग अपनाने, नशे से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने मुख्यातिथि श्री गौरव गौतम को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डीसी उत्तम सिंह, सीपी शिवास कविराज, डीसीपी ईस्ट संदीप मलिक, एएलसी एवं योग दिवस के नोडल अधिकारी कुशल कटारिया, सीटीएम ज्योति नागपाल, खेल उपनिदेशक गिर्राज सिंह, जिला आयुष अधिकारी डॉ मंजू कुमारी, जिला खेल अधिकारी आरती कोहली, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, एईओ जगदीश अहलावत,
भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला आयुष विभाग से डॉ मोनिका, डॉ गीतांजलि, डॉ विकास, डॉ भूदेव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
0000
*बॉक्स में*
*खेल मंत्री गौरव गौतम ने बॉक्सिंग हॉल का किया निरीक्षण, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह*
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के उपरांत हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम ने ताऊ देवी लाल स्टेडियम स्थित बॉक्सिंग हॉल का दौरा कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, उपकरणों तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
खेल मंत्री ने अभ्यास कर रहे युवा खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल अवसंरचना और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। खिलाड़ियों ने भी खेल मंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
0000
*बॉक्स में*
*स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश, अपशिष्ट संग्रहण पर प्रतिभागियों को दिए उपहार*
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में योग और स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया। आयोजन स्थल पर *एथेन* स्पोर्ट्स कंपनी द्वारा विशेष स्टॉल स्थापित किया गया, जहां प्रतिभागियों को प्लास्टिक की पानी की बोतलें, टेट्रा पैक तथा अन्य उपयोग के बाद बचे पैकेजिंग अपशिष्ट निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
*एथेन* स्पोर्ट्स के सीईओ रवि बंसल के नेतृत्व में कंपनी की इस पहल को प्रतिभागियों का भरपूर सहयोग मिला। जो प्रतिभागी प्लास्टिक बोतलें एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्र कर निर्धारित स्थान पर जमा कर रहे थे, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक आकर्षक कैप भेंट किया गया। इस अभिनव प्रयास ने न केवल स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया बल्कि पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।






