हिसार, 18 मई।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला हिसार में शुरू होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान को लेकर सोमवार को उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेन्द्र पाल ने सातों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद भी उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। अभियान के तहत जिले के 1333 मतदान केंद्रों पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ तय समयसीमा में संपन्न करवाई जाए।
उपायुक्त महेन्द्र पाल ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों का प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण 5 जून से 14 जून 2026 तक किया जाएगा, जबकि घर-घर सत्यापन कार्य 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलेगा। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन का कार्य भी 14 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनका निपटान 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन नागरिकों की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष पूरी हो जाएगी, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकेंगे। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन करवाने के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे। नागरिक वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को अभियान के प्रति जागरूक किया जाए और बूथ लेवल अधिकारियों के सत्यापन के दौरान नागरिकों से जन्म प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का भी आग्रह किया, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 21 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।






