सिरसा, 21 जून।
हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के तत्वावधान में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन, नगराधीश अजय सिंह, जेल अधीक्षक जसवंत सिंह, डीएसपी सुखवीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, जिला आयुष अधिकारी आशु शर्मा, डीएसडब्ल्यूओ सत्यवान ढिलौड, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, विरेंद्र तिन्ना, अंबर कुमार, हनुमान कुंडु, श्याम बजाज, पार्षद सुमन शर्मा, पार्षद संदीप मेहता, नरेंद्र कटारिया, कविता सिहाग, सुखविंद्र सोनी, वरिष्ठ नागरिक लालचंद गोदारा सहित भारी संख्या में आमजन, खिलाड़ी व स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का सिरसा में लाइव प्रसारण किया गया।
‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम के साथ जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाडिय़ों, स्कूली बच्चों व शहरवासियों ने बढ़-चढकऱ भाग लिया। खंड स्तर पर भी योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ के सन्देश के साथ कार्यक्रम में योग जागरूकता व नशा मुक्ति की शपथ दिलवाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि हजारों वर्ष पूर्व हमारे ऋषि-मुनियों ने योग के माध्यम से शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ, संतुलित और सशक्त बनाने का मार्ग दिखाया था। आज योग केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में अपनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की। यह केवल भारत की उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन संस्कृति, ज्ञान और परंपराओं का वैश्विक सम्मान है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के लगभग सभी देशों में करोड़ों लोग योग कर रहे हैं। यह भारत की उस आध्यात्मिक शक्ति का प्रमाण है, जिसने सीमाओं, भाषाओं और संस्कृतियों से ऊपर उठकर पूरी मानवता को जोडऩे का कार्य किया है। योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है। इसी कारण कहा जाता है कि करेंगे योग, रहेंगे निरोग। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में योग भी एक महत्वपूर्ण साधन है, क्योंकि यह व्यक्ति के शरीर के साथ-साथ उसकी मानसिक क्षमता और कार्यक्षमता को भी मजबूत करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे डिजिटल दुनिया और मोबाइल के बढ़ते प्रभाव के बीच प्रतिदिन कम से कम 20 से 30 मिनट योग के लिए अवश्य निकालें।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में माताओं और बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि महिलाएं योग को अपनाती हैं तो पूरा परिवार और समाज इसके प्रति जागरूक होता है। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आग्रह किया कि वे प्रतिदिन योग करेंगे, अपने परिवार और मित्रों को भी योग के प्रति प्रेरित करेंगे तथा स्वयं नशे से दूर रहकर समाज को नशा मुक्त बनाने में योगदान देंगे। योग को हमें अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के अवसर पर आयुष विभाग के जिला कोऑर्डिनेटर डा. सुरेंद्र नागर, योग सहायक साहिल, ऋतु ने उपस्थित लोगों को योग की विभिन्न क्रियाएं करवाई। इस अवसर पर बेहतर कार्य करने वाले गणमान्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सीमाओं, भाषाओं और संस्कृतियों से ऊपर उठकर पूरी मानवता को जोड़ने का कार्य कर रहा है योग : डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा





