Haryana Paperless Registry Update: हरियाणा में पेपरलेस रजिस्ट्री की प्रक्रिया में बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि, लोगों को परेशानी न हो। अब पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड करने की क्षमता 10 एमबी से बढ़ाकर 50 एमबी कर दी गई है। इसके अलावा रिवर्ट विद ऑब्जेक्शन फीचर से नागरिक अपने दस्तावेज में सुधार कर फिर से अपलोड कर सकते हैं। छोटी गलतियों के आवेदन रद्द करने की प्रक्रिया में कमी आई है।
जानकारी के अनुसार, हिसार की तहसीलों में 12 दिन में 331 लोगों ने आवेदन किया। इसमें से 155 रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। 60 लोगों के आवेदन कागजी कमी के कारण खारिज किए गए हैं। 17 लोगों ने खुद ही अपने आवेदन कैंसिल कर दिए।
दरअसल, प्रदेशभर में 1 नवंबर से पेपरलेस रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू की थी। हालांकि, छुट्टियां होने के कारण पेपरलेस रजिस्ट्री की प्रक्रिया जिले की 9 तहसीलों में 3 नवंबर से शुरू हुई थी। जानकारी के अभाव में पहले लोगों ने आवेदन बहुत कम किए। इसके चलते रजिस्ट्रियों की संख्या एकदम नीचे आ गई। नतीजा तहसीलों में एक-दो ही रजिस्ट्री हो पा रही थी। इसके अलावा रजिस्ट्री पोर्टल में कई खामियां थीं। इसके चलते आवेदन भी निरस्त हो रहे थे। तकनीकी टीमें लगातार पोर्टल की कमियों पर नजर रखी रही थी। इसकी सूचना चंडीगढ़ मुख्यालय दी जा रही थी। लोगों को दिक्कत न हो रजिस्ट्री पोर्टल पर उपभोक्ता अब अनुमोदन से पहले अपने आवेदन का नमूना विलेख देख सकते हैं। जो पहले नहीं था।









