हिसार, 06 मई।
नगरपालिका उकलाना चुनाव-2026 के दृष्टिगत बुधवार को अग्रवाल सेवा सदन उकलाना में प्रथम रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिटर्निंग अधिकारी नगर पालिका उकलाना-कम-उपमंडल अधिकारी (ना.) बरवाला अश्वीर नैन के निर्देशन में आयोजित इस रिहर्सल में चुनाव ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि रिहर्सल के दौरान 11 अधिकारी/कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए हैं। उन्होंने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। अनुपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध हरियाणा नगरपालिका चुनाव नियम, 1978 के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने हेतु उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, हिसार को अवगत करा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि फाइनल रिहर्सल 9 मई को प्रात: 9 बजे कार्यालय नगर पालिका उकलाना के प्रांगण में आयोजित की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। यदि कोई अधिकारी/कर्मचारी इसमें भी अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






