सिरसा, 06 मई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को स्थानीय एडीआर सेंटर परिसर में हेल्प डेस्क लगाया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि रिटेनर अधिवक्ता राखी रानी और राजविंद्र सिंह द्वारा इस हेल्प डेस्क के माध्यम से लोगों को लोक अदालत से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर सरल और सहज प्रक्रिया के तहत किया जाता है। इस दौरान आमजन को नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी अवगत कराया गया, जिस पर संपर्क कर मुफ्त कानूनी सलाह प्राप्त की जा सकती है।





