झज्जर, 09 जुलाई।
जिला में मानसून की सक्रियता और बरसाती सीजन के मद्देनजर प्रशासन ने जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए मॉनिटरिंग तेज कर दी है । डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में जिला के बेरी,बहादुरगढ़, झज्जर और बादली उपमंडलों के एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि शासन-प्रशासन का लक्ष्य प्रभावी मॉनिटरिंग के जरिए यह सुनिश्चित करना है कि जिला के किसी भी हिस्से में जलभराव न हो और आमजन को मानसून के दौरान कोई कठिनाई न आए,जिसके चलते सभी उपमंडलों में एसडीएम निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
बिना किसी बाधा के सुनिश्चित हो,बरसाती पानी की निकासी
बहादुरगढ़ शहरी व ग्रामीण इलाकों में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या ना आए, इसके लिए आवश्यक सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं
एसडीएम अभिनव सिवाच द्वारा ड्रेनेज पंपों और मुख्य नालों की सफाई की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पंप सेट सुचारू रूप से कार्य करें और बरसाती पानी की निकासी बिना किसी बाधा के सुनिश्चित हो। इसके लिए किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं होगी।
इसी प्रकार एसडीएम रेणुका नांदल ने बेरी उपमंडल क्षेत्र में जल निकासी प्रबंधों की मॉनिटरिंग करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन में कहीं पर भी जलभराव सम्बन्धी समस्या उत्पन्न ना हो इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। संबंधित विभाग पम्प सेट और मोटरों की पर्याप्त व्यवस्था रखें, ताकि जरूरत अनुरूप काम आ सकें।
मानसून सीजन में पम्पसेट और मोटरों की व्यवस्था रहे दुरुस्त
एसडीएम रवि मीणा ने झज्जर उपमंडल क्षेत्र में बरसाती सीजन के चलते जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम की मॉनिटरिंग करते हुए अधिकारियों को निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उधर बादली उपमण्डल में एसडीएम विशाल कुमार ने भी क्षेत्र में जल निकासी प्रबंधों की मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसाती सीजन में कहीं जलभराव ना हो, इसके लिए प्रशासन सजगता से कार्य कर रहा है।






