हरियाणा मौसम ऑटोमोबाइल देश राशिफल Success Story खेतीबाड़ी 

 

बरवाला की बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए युद्धस्तर पर चल रहे कार्यों की कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने की समीक्षा

By Sahab Ram
On: May 23, 2026 4:01 PM
Follow Us:
हिसार/बरवाला, 22 मई।
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को बरवाला में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे बिजली सुधार कार्यों तथा भविष्य की परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने बिजली व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक कार्य की प्रगति रिपोर्ट ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध करवाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को बरवाला शहर में बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। बताया गया कि बरवाला सिटी क्षेत्र में बिजली समस्या के स्थायी समाधान के लिए 11 केवी के तीन नए फीडर तैयार कर चालू कर दिए गए हैं। पहले के फीडरों पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार बिजली कटौती की समस्या आती थी। नए फीडरों में लक्ष्मी विहार, ओल्ड वाटर वर्क्स और कोर्ट फीडर शामिल हैं। इसके अलावा बरवाला-टोहाना रोड स्थित 132 केवी सब-स्टेशन से 33 केवी बरवाला को जोड़ने वाली लगभग 12 किलोमीटर पुरानी एवं जर्जर लाइन को बदल दिया गया है, जिससे बार-बार आने वाली तकनीकी खराबियों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि बरवाला सिटी क्षेत्र में अब तक 200 केवीए क्षमता के 89 तथा 100 केवीए क्षमता के 102 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि बरवाला सिटी एरिया में 20 अतिरिक्त नए ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य भी तेजी से जारी है। साथ ही, बिना पर्याप्त सुरक्षा के जमीन पर रखे गए 25 ट्रांसफार्मरों को खंभों पर स्थापित कर सुरक्षित किया गया है। इसी प्रकार से बरवाला सिटी एरिया में लगभग 620 जर्जर एवं क्षतिग्रस्त बिजली खंभों को बदला जा चुका है। बिजली आपूर्ति को और बेहतर बनाने के लिए दो नए 11 केवी फीडरों—दौलतपुर रोड और सैनी मोहल्ला फीडर पर भी कार्य चल रहा है, जिन्हें शीघ्र ही चालू कर दिया जाएगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि शहर में  इसके अलावा चार फीडरों के पुराने तार बदल दिए गए हैं, जबकि दो अन्य फीडरों पर तार बदलने का कार्य प्रगति पर है। शहर की विभिन्न कॉलोनियों में लगभग 35 किलोमीटर लंबी जर्जर एलटी लाइनों की केबल बदली जा चुकी है, जबकि लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त केबल बदलने का कार्य जारी है। कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं ताकि बरवाला के नागरिकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू, चेयरमैन प्रवीण सैनी, रमेश बैटरीवाला, ताराचंद नलवा, रोशन घनघस, मोनू संदूजा, मनीष गोयल, देवेंद्र शर्मा, एसडीएम अश्वीर नैन सहित बिजली निगम के अधिकारी उपस्थित थे।

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया योग सत्र

Sahab Ram

हरियाणा की मीडिया में पिछले 14 सालों से सक्रिय, चौपाल टीवी डिजीटल मीडिया के संस्थापक के तौर पर कार्य शुरु किया। डिजीटल मीडिया पर पिछले 8 सालों से सक्रिय और कई बड़ी वेबसाइट्स का संचालन कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment