झज्जर, 19 जून।
जिला में 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर “योग युक्त हरियाणा- नशा मुक्त हरियाणा और योगा फ़ॉर हैल्दी एजिंग” थीम के साथ पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के चलते रोडवेज वर्कशाप में शुक्रवार सुबह डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में योग दिवस की फाइनल रिहर्सल आयोजित हुई, जिसमें स्कूली बच्चों, योग साधकों एवं नागरिकों ने भाग लिया। डीसी वर्षा खांगवाल ने दीप प्रज्वलित कर रिहर्सल कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डीसी ने बताया कि झज्जर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को रोडवेज वर्कशॉप प्रांगण में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि जिला के अलावा ब्लॉक स्तर पर कुल 7 स्थानों पर योग दिवस के भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। जन-जन तक योग का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बीते कई दिनों से पूर्वाभ्यास शिविर, जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है, जिससे जिले में योग दिवस को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।
रविवार 21 जून को सुबह छह बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम सुबह छह बजे से शुरु होगा। मुख्य अतिथि के स्वागत के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का बड़ी स्क्रीन पर लाइव संबोधन दिखाया जाएगा। योगाचार्य द्वारा योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास सत्र का आयोजन होगा।
सभी ब्लॉक स्तर पर भी होंगे योग दिवस कार्यक्रम
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जिला के उपमंडलों व ब्लॉकों में भी योग दिवस के भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ब्लाक बहादुरगढ़ में डॉ बीआर आम्बेडकर स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां विधायक बहादुरगढ़ राजेश जून मुख्य अतिथि होंगे,बादली उपमंडल में सीआरआईवाईएन ग्राउंड में आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में
रोहतक नगर निगम के मेयर राम अवतार वाल्मिकी, बेरी उपमंडल में खेल स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। कार्यक्रमों में पूर्व मंत्री भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, जिला परिषद के अध्यक्ष कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा नेता दिनेश कौशिक व संजय कबलाना और भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इसी प्रकार साल्हावास ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आईटीआई प्रांगण में होगा। वहीं, मातनहेल में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातनहेल और माछरौली ब्लाक में यह कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माछरौली में होगा।
इस अवसर पर सीटीएम रितु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






