Haryana: हरियाणा के पंचकूला जिले से अच्छी खबर आ रही है। यहां सेक्टर-32 में बनने वाले मेडिकल कॉलेज की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को पीडब्ल्यूडी से मंजूरी मिल गई है। अब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सरकार की अंतिम स्वीकृति के बाद टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज की तैयार योजना के अनुसार, साल 2026 की शुरुआत में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जनवरी 2024 में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया था। तभी इसका नाम डॉ. मंगल सेन मेडिकल कॉलेज घोषित किया गया था। इसके बाद एचएसवीपी ने लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से कंसल्टेंट एजेंसी नियुक्त की। जिसने परियोजना की डीपीआर तैयार की। यह एस्टीमेट दो महीने पहले पीडब्ल्यूडी को भेजा गया था. जिसे विभाग ने हाल ही में मंजरी दे दी है।
खबरों की मानें, तो कंसल्टेंट एजेंसी ही डीपीआर से लेकर निर्माण तक पूरी कंसल्टेंसी की जिम्मेदारी संभालेगी। पीडब्ल्यूडी से एस्टीमेट मंजूर होने के बाद एचएसवीपी ने फाइल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भेज दी है। वहां से अंतिम मंजूरी मिलते ही टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
3 चरणों में होगा निर्माण मेडिकल कॉलेज का निर्माण
खबरों की मानें, तो मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए PWD ने 1100 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। हालांकि, एचएसवीपी ने 1450 करोड़ रुपये का एस्टीमेट भेजा था। निर्माण कार्य 3 चरणों में पूरा किया जाएगा।
पहला चरण करीब 2.40 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा। इसमें सात मंजिला अस्पताल भवन, आठ मंजिला मेडिकल कॉलेज, दो मंजिला ऑडिटोरियम, 14 मंजिला गर्ल्स और इंटर्न हॉस्टल, 10 मंजिला जूनियर और सीनियर डॉक्टर रेजिडेंस एसटीपी, ईटीपी, 2 मंजिला डायरेक्टर और सुपरिंटेंडेंट रेजिडेंस, 8 मंजिला नर्सिंग हॉस्टल बनेगा।
जबकि, दूसरे चरण 14 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा। इसमें रेजिडेंट डॉक्टर के आवास, गेस्ट हाउस, स्पोर्ट्स ब्लॉक, स्विमिंग पूल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। इसके अलावा तीसरा चरण 14 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा। इसमें कॉलेज और अस्पताल का शेष निर्माण होगा।
बता दें कि यह पूरा प्रोजेक्ट सेक्टर-32 की 30.40 एकड जमीन पर विकसित होगा।









