रानिया, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रानिया की अनाज मंडी में ब्लॉक स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने योगाभ्यास में भाग लिया।
मुख्य अतिथि यतिंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि निरोग और स्वस्थ समाज का निर्माण के लिए योग जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर तहसीलदार शुभम शर्मा, मार्केट कमेटी रानिया के चेयरमैन ललित मोहन पोपली, नगर पालिका चेयरमैन मनोज सचदेवा, ब्लॉक समिति चेयरमैन ओमप्रकाश, बलवान जागड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सरोज बाला, करीवाला मंडल अध्यक्ष रणमाल बालासर, मार्केट कमेटी सचिव सुरेंद्र सैन, राजकुमार मेहता, बाबा भिंडर, पवन कालड़ा, चंद्रभान कामरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
निरोग और स्वस्थ समाज का निर्माण के लिए योग जरूरी : यतिंद्र सिंह





