झज्जर, 16 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिले में योग कार्यक्रम का प्रोटोकॉल के अनुरूप आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम रोडवेज वर्कशाप परिसर में होगा। योग दिवस की तैयारियों के संदर्भ में डीसी वर्षा खांगवाल ने मंगलवार को वीसी उपरांत लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और भव्य आयोजन के के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बीच जिला योग समन्वयक डॉ. पवन देशवाल ने योग महोत्सव को लेकर होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।
जिला में योग महोत्सव के रूप में मनेगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिले में योग महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिक, अधिकारी, छात्र, स्वयंसेवी और समाजसेवी संस्थाएं भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि योग दिवस के आयोजन को योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक जन आंदोलन का रूप दिया जाए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सफाई व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस, शौचालय, पार्किंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की सुचारू व्यवस्था रखी जाए, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रतिभागियों की संख्या, विभागवार जिम्मेदारियों तथा अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योग दिवस को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल, सीटीएम रीतू, जिला आयुष अधिकारी डॉ पवन देशवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक में की अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तैयारियों की समीक्षा





