हिसार, 18 जून।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को गांव गंगवा के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय रचनात्मक गतिविधि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता संजीव गंगवा, गांव के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों की हौसला अफजाई की।
कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प, शिक्षा के अमृतकाल, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति तथा डिजिटल भारत जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
अपने संबोधन में युवा भाजपा नेता संजीव गंगवा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा, डिजिटल सेवाओं, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और देश का भविष्य आज के विद्यार्थियों के हाथों में है।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की गई तथा उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग से डीईओ रामरतन सहित अन्य अधिकारियों, विद्यालय स्टाफ, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने विकसित भारत एवं विकसित हरियाणा के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।






