Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बढ़ती छात्र संख्या को ध्यान में रखते हुए अफसरों को निर्देश दिया कि मॉर्निंग में अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जरूररत के हिसाब से बसों की संख्या बढ़ाएं और कम अंतराल पर बसें चलाकर छात्रों को राहत दें।
सीएम ने आगे कहा कि निजी बसों में भी सरकारी बसों की तर्ज पर स्टूडेंट पास सुविधा अनिवार्य रूप से दी जाए और शिकायत पर कार्रवाई करें।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा में समझौता नहीं किया जाएगा
दरअसल, सीएम गुरुवार को सचिवालय में सड़क सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सीएम ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारी स्कूलों के बच्चों की सुरक्षा से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन कराएं। स्कूल बसों के सुरक्षा मानकों, बसों में लगे जीपीएस का नियमित निरीक्षण करें।
ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर 31 मार्च 2026 तक खत्म करें
सीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रदेश में मौजूद सभी ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर 31 मार्च 2026 तक पूरी तरह समाप्त करें। सड़क हादसों से जुड़े मामलों के समाधान, विभागों के समन्वय के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें, नियमित निगरानी कर हादसों में कमी लाएं।









